Tuesday, October 20th, 2026

आज भाजपा की चौथी परिवर्तन यात्रा की बंगाल में करेंगे शुरुआत अमित शाह 

नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी नेता अमित शाह गुरुवार (11 फरवरी) की सुबह गुवाहाटी (असम) पहुंचे है। अमित शाह असम और पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए आज से दो दिवसीय दौरे पर हैं। अमित शाह आज सुबह गुवाहटी पहुंचे। अमित शाह यहां कोच-राजबंशी के 'महाराज' अनंत राय से मिल सकते हैं। अनंत राय ग्रेटर कूच बिहार पीपुल्स एसोसिएशन के प्रमुख हैं। इसके अलावा अमित शाह आज कूचबिहार से बीजेपी की ''परिवर्तन यात्रा'' के चौथे चरण की शुरुआत करेंगे। बीजेपी चुनावों के मद्देनजर पश्चिम बंगाल की सभी 294 विधनसभा सीटों तक पहुंचने के लिए पांच चरणों में ''परिवर्तन यात्रा'' निकाल रही है। अमित शाह ने अपने बंगाल दौरे को लेकर बुधवार देर रात ट्वीट भी किया। 

अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, ''कल पश्चिम बंगाल में रहूंगा। सबकुछ अच्छा होने की उम्मीद कर रहा हूं। कूच बिहार से पश्चिम बंगाल भाजपा की चौथी परिवर्तन यात्रा को रवाना करूंगा। इसके बाद ठाकुरनगर में एक सार्वजनिक रैली में शिरकत होने वाला हूं। मैं कोलकाता में हमारे सोशल मीडिया स्वयंसेवकों के साथ भी बातचीत करूंगा।'' अमित शाह के दौरे को लेकर बीजेपी प्रवक्ता अनिल बलूनी ने कहा, अमित शाह ठाकुरबाड़ी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे और इसके बाद वो कोलकाता में पार्टी के सोशल मीडिया स्वयंसेवकों की बैठक को संबोधित करेंगे। अमित शाह इससे पहले भी पश्चिम बंगाल के दौरे पर आ चुके हैं। 

इससे पहले अमित शाह का पश्चिम बंगाल दौरा दिल्ली में गणतंत्र दिवस के दिन किसानों की ट्रैक्टर परेड में हुई हिंसा की वजह से रोका गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 7 फरवरी को दोनों राज्यों का दौरा किया था और वहां कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। वहीं 6 फरवरी को बीजेपी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने नदिया जिले से परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ किया था। पश्चिम बंगाल और असम में विधानसभा चुनाव इस साल होने वाले हैं।

 

#अमित शाह 

Source : Agency

पाठको की राय